अमरोहा। प्रशासन की सख्ती के बावजूद चीनी मिल प्रबंधन बकाया भुगतान में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। किसानों को भुगतान में तेजी लाने के लिए चीनी मिलों प्रबंधन को मई में नोटिस जारी किया गया था। इसकी अवधि एक महीने पूरी होने को है बावजूद इसके किसानों को महज 94 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है। फिलहाल जिले के किसानों का चीनी मिलों पर 369.86 करोड़ बकाया है, जिसमें 60 प्रतिशत बकाए की रकम जिले की तीन चीनी मिलों पर है।
जिले में 94,952 हेक्टेयर में गन्ने की पैदावार हुई है। किसानों का 11 चीनी मिलों ने गन्ना खरीदा है। चीनी मिलों ने कुल 474.95 लाख क्विंटल गन्ने की खरीदारी की है। यह रकम 1,526.77 करोड़ रुपये हो रही है जिसमें 1,156.90 करोड़ रुपये भुगतान हुआ है। चीनी मिलों में पेराई बंद हुए एक महीने से अधिक अवधि हो गई है, लेकिन बकाया भुगतान में चीनी मिल रुचि नहीं दिखा रही है। तत्कालीन डीएम ने बकाया भुगतान के लिए चीनी मिलों को नोटिस जारी कराया था। बावजूद इसके एक महीने की अवधि में महज 94 करोड़ रुपये का भुगतान हो सका है। फिलहाल 11 चीनी मिल धनौरा, अगवानपुर, गजरौला-हसनपुर, चंदनपुर, करीमगंज, स्योहारा, बेलवाड़ा, असमौली, रानी नांगल, मिलक नारायणपुर, धामपुर पर कुल 369.86 करोड़ रुपये बकाया है। खास बात यह है कि जिले की तीन चीनी मिलों पर ही 219 करोड़ रुपये उधारी है, जो कुल बकाया का 60 प्रतिशत है।