हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर में बृहस्पतिवार की सुबह ईदगाह के निकट उस समय बवाल हो गया। जब मुस्लिम समाज के लोग ईदगाह पर ईद की नमाज पढ़ने जा रहे थे। उसी समय डीसीएम की चपेट में आकर एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साई भीड़ ने चालक को डीसीएम से खींच कर धुनाई कर दी। इतना ही नहीं बचाव को आई पुलिस को भी दौड़ाकर पीटा। जिसमें दरोगा के कपड़े फट गए।
सिर में चोट लगने से एक सिपाही घायल हो गया। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत कराने का प्रयास में जुट गए। एसडीएम और सीओ ने भी मौके पर पहुंच कर घटना के बाबत जानकारी ली विधायक अशफाक खां के समझाने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
गांव सिहाली जागीर में हाईवे किनारे ही ईदगाह है। बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े सात बजे ईदगाह पर ईद की नमाज होनी थी। करीब सात से सवा सात के बीच मुस्लिम समाज के लोग ईदगाह पर नमाज अदा करने जा रहे थे। गांव के शमशेर का सात वर्षीय बेटा अब्दुल रहमान ईदगाह पर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। उसी समय गजरौला की ओर से आ रही डीसीएम ने बालक अब्दुल रहमान को चपेट में ले लिया। डीसीएम के पहिए बालक के पैरों के ऊपर से उतर गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख परिजन अब्दुल रहमान को उठा कर तत्काल मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल ले गए। वहीं ईदगाह जा रही भीड़ ने दौड़ कर डीसीएम को रोक लिया और चालक को खींच लिया। गुस्साई भीड़ चालक पर टूट पड़ी।
ये देख ड्यूटी पर मौजूद पुलिस मौके पर पहुंच गई और चालक को गुस्साई भीड़ से छुड़ाने में जुट गई। इस पर लोग भड़क गए और मौके पर पहुंचे दरोगा ब्रजेश कुमार समेत सिपाही आकाश कुमार और रोहित कुमार पर हमला बोल दिया। दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। दरोगा और सिपाहियों ने भाग कर जान बचाई। सिर में चोट लगने से एक सिपाही घायल हो गया।
बवाल की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनिल समानिया फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और गुस्साए लोगों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन लोग पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर डटे रहे। एसडीएम अशोक मौर्य और सीओ सोमेंद्र कुमार नेगी भी पहुंच गए। उसी समय विधायक अशफाक खां गजरौला से अपने गांव सिहाली जागीर आ रहे थे। विधायक ने लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। तब कहीं गुस्साए लोगों का गुस्सा शांत हुआ।