हसनपुर। ग्राम शेखूपुर झकड़ी में हसनपुर से देहरा मार्ग पर सरकारी स्कूल के सामने हुआ जलभराव विद्यार्थियों की राह में बाधा बना हुआ है। उन्हें गंदे पानी से गुजरते हुए स्कूल जाना पड़ रहा है। यह समस्या हर रोज की है। इससे नाराज विद्यार्थियाें ने ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन किया।
गांव में परिषदीय विद्यालय है। शनिवार की सुबह बच्चे स्कूल जा रहे थे। बच्चे स्कूल जाते समय रास्ते में जलभराव में फंस गए। इन्हें देखकर ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। समाधान के लिए ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीण ब्रजपाल चौहान ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से यहां जलभराव की समस्या लगातार चलती आ रही है, लेकिन कोई भी अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीण लवकुश का कहना है कि इस मार्ग सबसे ज्यादा परेशानी विद्यालय जाने वाले बच्चों को होती है आए दिन बच्चे पानी में गिरते रहते हैं। उनके कपड़े खराब हो जाते हैं।
प्रदर्शन करने वालों में बृजपाल सिंह, जीवन कुमार, लवकुश सागर, भारतपाल, हरवीर चौधरी, राजीव पाल, ग्राम प्रधान विनोद कुमार, सरकारी स्कूल की प्रधानाध्यापिका सुमन रानी, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र, प्रबंधक महेश कुमार, संजीव पाल, दीपचंद पाल, छाया शर्मा आदि रहे।
यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आती है। कई बार समस्या का समाधान कराने के लिए पत्र भेजा जा चुका है, हालांकि शाम के समय सड़क पर भरे पानी को निकालने का प्रयास किया गया। जल्द ही जलभराव की समस्या को दूर किया जाएगा।
विनोद कुमार, प्रधान शेखूपुर झकड़ी