गजरौला। तिगरी गंगा मेले में सदर चौक का ढांचा बनाकर तैयार कर दिया गया, मगर सड़क का काम अधूरा है। एडीएम, एसडीएम, सीओ ने मेला स्थल का भ्रमण कर तैयारियों को देखा। इस दौरान सड़क का काम अधूरा मिलने और उस पर कांस बिछाया हुआ न मिलने पर ठेकेदार को फटकार लगाई। दो दिन में सड़क बनाने का काम पूरा करने के निर्देश दिए।
तिगरी में कार्तिक पूर्णिमा पर लग रहे गंगा मेले के लिए सड़क बनाने का काम कई दिन से चल रहा है। इसके अलावा सदर चौक भी बनाया जा रहा है। सोमवार की शाम तक सदर चौक का ढांचा बना कर तैयार कर दिया गया। मगर मेले में आने जाने के लिए अभी सड़क बनाए जाने का काम अधूरा है। एडीएम न्यायिक माया शंकर यादव, एसडीएम राजीव राज, सीओ श्वेताभ भास्कर, थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह ने तिगरी गंगा मेला स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। देखा कि सदर रोड कितनी बन गई है। गंगा रोड, वीआईपी रोड बनाए जाने का काम कितना रह गया है। इस दौरान गंगा रोड अधूरी पाई गई। सदर रोड से ट्रैक्टर रोड को जोड़ने वाली सड़क का काम शुरू भी नहीं किया गया। फटकार लगाते हुए ठेकेदार को दो दिन में गंगा रोड का काम पूरा करने के निर्देश दिए। ट्रैक्टर रोड को जोड़ने वाली सड़क बनाने का काम जल्द से जल्द शुरु करने के निर्देश दिए। एडीएम व एसडीएम ने बाढ़ खंड के एई को फोन कर मंगलवार को मेला स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। कहा कि वह मेला स्थल पर आकर देख लें कि कहां पर घाट बनाए जाएंगे। नाव कहां पर खड़ी होंगी।
ठेकेदार को शौचालय के सैंपल बनाने के निर्देश
तिगरी गंगा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिस ठेकेदार को शौचालय बनाने का काम सौंपा गया है, एडीएम व एसडीएम ने उसे शौचालय का सेंपल बनाकर दिखाने के निर्देश दिए। जिससे जरूरत पड़ने पर उसमें कुछ बदलाव किया जा सके। बाद में परेशानी का सामना न करना पड़े। बिजली के ठेकेदार को तीन नवंबर से मेला स्थल में खंभा लगाने के निर्देश दिए। कहा कि खंभा लगा दिए जाएंगे तो उन पर तार खींचने में परेशानी नहीं आएगी और रात में मेले में काम शुरु किया जा सकेगा।