अमरोहा। डीएम और सीडीओ ने सोमवार को अलग-अलग परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में पंजीकरण के सापेक्ष बच्चों की कम उपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी जताई। सुधार के लिए बीएसए को दिशा निर्देश देते हुए लापरवाह शिक्षकों पर कार्रवाई करने को कहा।
डीएम राजेश कुमार त्यागी ने सोमवार को ब्लॉक जोया के प्राथमिक विद्यालय जोई, प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर , संविलियन विद्यालय मसूदपुर नवादा, उच्च प्राथमिक विद्यालय फरासपुरा सहित चार अन्य स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में पंजीकरण के सापेक्ष कम उपस्थिति पर डीएम ने सख्त नाराजगी जताई। दिव्यांग बच्चों के लिए अलग अलग शौचालय के साथ साथ साफ सफाई रखने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी कक्षाओं में भ्रमण कर छात्र-छात्राओं से पहाड़े सुने व अंग्रेजी में बच्चों व उनके माता-पिता के नाम को बोर्ड में लिखवा कर अंग्रेजी शिक्षा की जानकारी को भी परखा। डीएम ने शिक्षकों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने को कहा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की एंट्री उनकी शिक्षण कार्य में परफार्मेंस के आधार पर की जाए। मिड डे मिल का भी निरीक्षण किया।
वहीं, सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने प्राथमिक विद्यालय देवीपुरा, अतरासी, संविलियन विद्यालय रजबपुर, कन्या उच्चतर प्राथमिक विद्यालय रजबपुर, प्रावि शकरपुर समसपुर समेत कस्तूरबा गांधी विद्यालय गजरौला का निरीक्षण किया। सीडीओ को प्राथमिक विद्यालय देवीपुरा सवा नौ बजे भी बंद मिला, जबकि विद्यालय खुलने का समय नौ बजे है। अतरासी में पंजीकरण 147 बच्चों के सापेक्ष कुल 66 बच्चे उपस्थित पाए गए। रजबपुर में भी 96 बच्चों के सापेक्ष कुल 45 बच्चे उपस्थित मिले। यहां आठ अध्यापकों सहित एक शिक्षा मित्र की तैनाती है, जबकि 30 बच्चों पर एक शिक्षक की तैनाती का प्रावधान है। उन्होंने बीएसए को नियमानुसार शिक्षकों की तैनाती करने को कहा।
-