अमरोहा। एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देशन में सोमवार को यातायात पुलिस ने जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 265 वाहनों की जांच की गई, जिसमें से 170 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए। यातायात पुलिस ने विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज करने वाले वाहन, मानक के विपरीत नंबर प्लेट, शराब पीकर वाहन चलाने और वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखने वालों पर कार्रवाई की। इसके अलावा हसनपुर, धनौरा और गजरौला चौपला सहित मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया गया। ब्रीथएनालाइजर के माध्यम से भी विशेष अभियान चलाकर जांच की गई। टीआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। वाहन चालकों से अपील की गई कि वह हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।