कैलसा बाईपास मार्ग पर बिना नक्शा पास कराए दुकान निर्माण की जानकारी मिलते ही एसडीएम एक्शन में आ गए। लेखपाल को मौके पर भेजकर काम रुकवा दिया।
कैलसा बाईपास किनारे करीब पांच दुकानों का निर्माण कार्य तेजी के साथ चल रहा था। मजदूर काम को अंजाम देने में लगे थे। इसी दौरान एसडीएम सदर विजय शंकर को जानकारी मिली कि बिना नक्शा पास कराए दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेकर एसडीएम ने तत्काल ही क्षेत्रीय लेखपाल नरेंद्र कुमार को मौके पर पहुंच कर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। लेखपाल नरेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और काम बंद करा दिया। टीम के मौके पर पहुंचते ही मजदूर काम बंद करके मौके से भाग गए। दुकान स्वामी भी दुकान छोड़कर गायब हो गया। काम बंद कराकर मामले की जानकारी एसडीएम को दी गई। एसडीएम ने दुकान स्वामी को अभिलेख दिखाने का आदेश दिया है। चेतावनी दी है कि बिना नक्शा पास कराए किसी भी कीमत पर निर्माण कार्य नहीं करने दिया जाएगा।