हसनपुर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने तहसील क्षेत्र के गांव धोरिया के सामने से गुजर रही गंगा के कटान का निरीक्षण किया। यहां बाढ़ खंड की ओर से गंगा से मिट्टी के कटान रोकने के लिए किए गए इंतजाम को परखा। निर्देश दिए कि गंगा से मिट्टी के कटान को रोकने के कार्य में तेजी लाए। लापरवाही किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जाएगी।
बरसात का मौसम शुरू होते ही हरिद्वार और बिजनौर बैराज से गंगा में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। इसी के साथ गंगा ने कटान भी शुरू कर दिया है। तहसील क्षेत्र के गांव धोरिया के सामने से गुजर रही गंगा ने मिट्टी का कटान कर पिछले वर्ष तबाही मचाई थी। पानी के तेज बहाव में हजारों बीघा कृषि भूमि क्षेत्रफल में खड़ी फसलों को नष्ट कर दिया था। इसको लेकर इस बार पहले से ही प्रशासन सतर्क है। बाढ़ खंड के अफसरों द्वारा धोरिया में कई जगह सेफ्टी प्वाइंट बनाकर गंगा कटान रोकने को कटर बनाए गए हैं। गुरुवार को जिला अधिकारी उमेश मिश्रा और एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने मौके पर जाकर बाढ़ खंड के अफसरों की ओर से गंगा कटान के रोकने को किए गए कार्य का निरीक्षण किया। उनकी गुणवत्ता को परखा। इस बार कटर के ऊपर से लोहे के तारों का जाल बिछाया गया है ताकि गंगा कटान को रोकने में मदद मिल सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कटान रोकने के कार्य में तेजी लाई जाए। जहां-जहां आवश्यकता है, आवश्यकता के अनुरूप मिट्टी के बोरे डलवा कर कटर बनाए जाए। पानी की ठोकर के स्थान को मजबूती प्रदान की जाए ताकि गंगा कटान को रोका जा सके। इस कार्य में लापरवाही कतई सहन नहीं की जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार सदानंद सरोज, बाढ़ खंड एक्सईएन मनोज कुमार, बाढ़ खंड के सहायक अभियंता रामलाल सिंह आदि रहे।