गजरौला। सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के बच्चों की अंतरजनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता में एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल की टीम विजयी रही। एसआरएस की टीम ने गुरु रामराय पब्लिक स्कूल को 33-12 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता टीम के खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि योगेंद्र और विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
क्रीड़ा भारती की तरफ से शनिवार को अंतरजनपदीय कबड्डी का आयोजन एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता दो आयु वर्ग में हुई। इसमें 14 वर्ष और 17 वर्ष आयु वर्ग के सीबीएसई से संबद्ध 20 स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 17 वर्ष आयु वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले वाईएमएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल धनौरा, एचएसएस पब्लिक स्कूल हसनपुर, एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल गजरौला, सेंटमैरी स्कूल गंदूपाल के बीच खेले गए। फाइनल मुकाबला वाईएमएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल धनौरा व एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल के बीच खेला गया। इसमें एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल ने 19-16 से जीत दर्ज की।
14 वर्ष आयु वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल व जीडी टंडन सरस्वती विद्या मंदिर कैलसा, वाईएमएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल धनौरा व गुरु रामराय पब्लिक स्कूल गजरौला के बीच खेले गए। फाइनल मुकाबले में एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल गजरौला ने गुरु रामराय पब्लिक स्कूल को 33-12 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की।
मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को दी ट्रॉफी
विजेता टीम को मुख्य अतिथि आरएसएस के जिला प्रचारक योगेंद्र कुमार, विशिष्टि अतिथियों ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी, आरएसएस के जिला सहकार्यवाह नरेंद्र कुमार, स्कूल के चेयरमैन जीबी सिंह, प्रबंध निदेशक वीरेंद्र सिंह व निदेशक पुनीत सिंह ने ट्राॅफी प्रदान की। प्रतियोगिता में पुरजीत सिंह, सुनील भाटी, राजकुमार, साक्षी तोमर, आदेश कुमार, मनीष कुमार ने रेफी रहे। साक्षी सिरोही, एवं महीमा, गौरांगी ने प्रतियोगिता का संचालन किया। स्कोर बोर्ड संचालन का कार्य श्रीकांत वर्मा व ऋषिपाल सिंह ने किया। प्रतियोगिता की शुरुआत सरस्वती के चित्र आगे दीप जलाकर की गई थी। इस मौके पर प्रधानाचार्य धर्मेंद्र चतुर्वेदी, साक्षी सिंह, आशा चौधरी, खेल प्रशिक्षक संदीप यादव, सुधीर सिंह, जतिन सिंह आदि मौजूद रहे।