मंडी धनौरा(अमरोहा)। नगर के दो सगे भाइयों ने मंगलवार को मेरठ में संपन्न हुई यूपी स्टेट ओपन रायफल शूटिंग प्रतियोगिता में अपना हुनर दिखाते हुए प्री नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। दोनों भाई अब देहरादून में होने वाली प्री नेशनल प्रतियोगिता में अपना हुनर देखाएंगे। बच्चों की उपलब्धि से परिजनों में हर्ष का माहौल है।
नगर के मुहल्ला सुभाष नगर में रहने वाले प्राइमरी टीचर दिलीप कुमार के दोनों बेटों दीपांशु राज और हर्षित राज को शुरू से ही शूटिंग का शौक है। बेटों के शौक को देखते हुए दिलीप ने दोनों बच्चों को लोन लेकर रायफल दिलाई। दीपांशु और हर्षित राज ने मंगलवार को मेरठ में हुई यूपी स्टेट ओपन रायफल शूटिंग में 10 मीटर ओपन पीप साइट रायफल शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दीपांशु राज ने 400 में से 365 और हर्षित राज ने 400 में से 340 अंक हासिल किए। दोनों ने ही प्री नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। पूर्व में भी दोनों अपना हुनर जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में दिखा चुके हैं। दीपांशु बिजनौर के वर्धमान डिग्री कालेज में बीएससी और हर्षित नगर के गांधी इंटर कालेज में कक्षा नौ का छात्र है। पिता दिलीप कुमार अपने पुत्रों की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।