गजरौला (अमरोहा)। दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित नाईपुरा फ्लाईओवर पर बुधवार की सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार डीसीएम आगे चल रहे ट्रेलर में घुस गई। हादसे में मेरठ के परीक्षितगढ़ निवासी डीसीएम चालक जितेंद्र (48) की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद शव डीसीएम से निकाला। साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना देकर शव मोर्चरी पर रखवा दिया।
मेरठ के परीक्षितगढ़ निवासी जितेंद्र डीसीएम चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। बुधवार सुबह वह गाजियाबाद से डीसीएम में फोम लादकर मुरादाबाद जा रहे थे। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाईपुरा के सामने फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार डीसीएम आगे ट्रेलर चल रहे ट्रेलर में पीछे से घुस गई।
हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई और डीसीएम भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंचे एसआई जोगेंद्र कुमार व औद्योगिक चौकी इंचार्ज सुभाष चौहान चालक का शव निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में क्रेन की मदद से दोनों को खींचकर अलग किया गया और शव बाहर निकाला। मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड आदि से पहचान कर हादसे में मौत की खबर परिजनों को दी। शव को मोर्चरी पर रखवाया।
पुलिस ने डीसीएम को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि शव मोर्चरी पर रखवा दिया गया है।