कैबिनेट मंत्री महबूब अली के बेटे के वलीमे में खाना खाते सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव।
- फोटो : amar ujala
सूबे के कैबिनेट मंत्री महबूब अली के बेटे शाहनवाज के दावत ए वलीमा वीवीआईपी रहा। जहां दावत में शिरकत करने वाले वीवीआईपी की खिदमत में निजाम एक टांग पर खड़ा रहा, वहीं भारी वाहन रोकने को थानेदार सड़क पर नजर आए। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव समेत कई मंत्रियों ने वलीमा में दावत खाई और नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए गंतव्य को रवाना हो गए।
कैबिनेट मंत्री ने अपने बेटे की दावत ए वलीमा कार्यक्रम अमरोहा जोया मार्ग स्थित अपने पेट्रोल पंप के पास स्थित जगह में रखा था। दावत में आने वाले वीवीआईपी के काफिलों व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने पुख्ता इंतजाम किए थे।
सुबह दस बजे से ही देहात व डिडौली थानेदार सड़क पर उतर गए थे। एक ने जोया तो दूसरे ने बंबूगढ़ तिराहे पर मोर्चा संभाला। किसी भी भारी वाहन को मार्ग से नहीं गुजरने दिया। पूरी तरह उनका रूट डायवर्ट कर अन्य रास्तों से गुजारा।
दोपहर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, आबकारी विभाग के राज्यमंत्री राम करन आर्य, कैबिनेट मंत्री संभल इकबाल महमूद, कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर के अलावा मंडल कई और वरिष्ठ सपा नेताओं ने वलीमा कार्यक्रम में शामिल हुए, जिनका कैबिनेट मंत्री महबूब अली व एमएलसी परवेज अली ने जोरदार इस्तकबाल किया।
सभी मंत्रियों ने खाना खाया और बेटे व बहू को आशीर्वाद दिया। इसके बाद अपनी मंजिलों को रवाना हो गए। इसके अलावा अन्य कई नेता भी शामिल हुए। बहरहाल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उनकी खिदमत में मुस्तैद रहे।