सैदनगली(अमरोहा)। नगर पंचायत सैदनगली में चल रहे महोत्सव के दौरान तीन दिवसीय विशाल कुश्ती की शुरुआत की गई। जिसमें दूर-दूर से आए पहलवानों ने दांव आजमाएं। कुश्ती में रुड़की के सोनू पहलवान ने गोरखपुर के मुन्ना पहलवान को पटकनी देकर नगद पुरस्कार जीत लिया। दर्शकाें ने तालियां बजाकर पहलवानों की हौसला अफजाई की।
नगर पंचायत की अध्यक्षा डॉक्टर अनुकीर्ति चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री एवं नगर स्वच्छता प्रेरक अभिनव कौशिक ने फीता काटकर व पहलवानों के हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ किया। कुश्ती दंगल में रुड़की के सोनू पहलवान ने गोरखपुर के मुन्ना पहलवान को पटकनी देकर नगद पुरस्कार जीत लिया। इसके बाद जीहल के फहीम पहलवान ने बरेली के अर्पित पहलवान को हराकर इनाम जीता। दर्शकों ने तालियाें की गड़गड़ाहट से पहलवानों की हौसला अफजाई की। इसके बाद संभल के जमा पहलवान की कुश्ती ढबारसी के रितिक पहलवान से हुई, जो बराबरी पर छूटी। संभल के मुजम्मिल पहलवान की कुश्ती ढबारसी के विशाल पहलवान से हुई। यह भी बराबरी पर छूटी। बुलंदशहर के अमित पहलवान की कुश्ती अमरोहा के सलीम पहलवान से हुई। दोनों बराबरी पर रहे।
अंत में कल्याणपुर के बॉबी पहलवान ने संभल के फैज पहलवान से कुश्ती लड़ी, जो बराबर रहे। इस मौके पर सत्यम गुप्ता, नीतू भटी, रामवीर सिंह, दिनेश, अमित सैनी, राजकुमार, बलबीर सिंह, डॉक्टर राजीव लोचन, शब्बीर अहमद आदि मौजूद रहे।