परिषदीय विद्यालयों की न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। 50 मीटर दौड़ में निशांत व सोनी और 100 मीटर दौड़ में आर्यन और कुमारी नव्या ने सबको पछाड़ दिया। खो-खो में तिगरिया खादर के खिलाड़ी पहले स्थान पर रहे।
वारसाबाद न्याय पंचायत के परिषदीय विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को गजरौला के अवंतिका पार्क में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उन विद्याथियों ने भाग लिया, जो अपने विद्यालय स्तर पर खेल में प्रथम स्थान पर रहे थे। प्राथमिक स्तर पर 50 मीटर दौड़ में संविलियन विद्यालय चौबारा के निशांत व बालिका वर्ग में संविलियन विद्यालय चौबारा की सोनी पहले स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में 100 मीटर दौड़ में नगर के संविलियन विद्यालय के आर्यन व बालिका वर्ग में संविलियन विद्यालय तिगरिया खादर की कुमारी नव्या पहले स्थान पर रहीं। बालक और बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में संविलियन विद्यालय तिगरिया खादर पहले स्थान पर रहा। इस मौके पर जोगेंद्र सिंह, डॉ. पृथ्वी सिंह, कमल कुमार शर्मा, विपिन पंघाल, रेखा रानी, अजय सिद्धू, जितेंद्र कुमार त्यागी, कोमल चौधरी, श्वेता सक्सेना मौजूद रहे।