नगर से सटे गांव तिगरिया भूड़ में चर्चित बसपा नेता और सिविल कंस्ट्रक्शन ठेकेदार कैलाश चंद्र की हत्या की गुत्थी दूसरे दिन भी पुलिस नहीं सुलझा पायी। नामजद सोनम से पूछताछ के बाद पुलिस आत्महत्या का अंदेशा जता रही है।
लेकिन आत्महत्या है तो मौका-ए-वारदात से तमंचा कहां गायब हो गया। जिससे गोली चली। इस बिंदु ने भी पुलिस को उलझन में डाल दिया है। पुलिस के आला अधिकारियों की मानें तो अभी पुलिस की सभी बिंदुओं को लेकर जांच पड़ताल जारी है।
तिगरिया भूड़ में बसपा नेता कैलाश चंद्र की उसके ही घर में कनपटी पर गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। बुधवार की सुबह दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में बेड पर खून से लथपथ कैलाश की लाश मिली थी। 315 बोर की गोली मारी गई थी। गोली तकिये में धंसी मिली थी।
जिस तमंचे से गोली चली थी वो तमंचा पुलिस को अभी तक नहीं मिला है। जबकि कैलाश का लाइसेंस पिस्टल उसी कमरे में यथावत रखा मिला। वहीं ग्राउंड फ्लोर पर खून की बूंदे पायी गईं। वाश बेसिन में भी खून के धब्बे मिले। जिससे प्रतीत हो रहा है कि हत्यारे ने वॉश बेसिन में हाथ धोए थे।
इस मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई अमर सिंह की ओर से कैलाश की दूसरी पत्नी ऋतु रस्तोगी निवासी हसनपुर और सोनम निवासी मोहल्ला सुल्तान नगर गजरौला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक बुधवार की देर रात पुलिस ने सोनम से पूछताछ भी की है। बताया जा रहा है कि कैलाश ने सोनम को रात ढाई बजे मोबाइल पर आत्महत्या करने की धमकी दी थी। वहीं पुलिस को मौका-ए-वारदात से तमंचा नहीं मिला है। जिससे निकली गोली से कैलाश की मौत हुई है।
हत्या या आत्महत्या अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, सभी बिंदुओं पर पुलिस की छानबीन जारी है, हकीकत सामने लाने के लिए मोबाइल फोरेंसिक साइंस मुरादाबाद और आगरा से हेल्प ली जा रही है, खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस, क्राइम ब्रांच समेत लोकल पुलिस टीम काम कर रही हैं, जल्दी ही खुलासा किये जाने की संभावना है।
नरेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी