दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही तेज रफ्तार सोहराब डिपो की बस ने आगे चल रहे बाइक सवार ट्रक चालक को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपनी पत्नी को बुलाने काशीपुर जा रहा था। आरोपी चालक बस छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और बस को कब्जे में ले लिया है। परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
बछरायूं थानाक्षेत्र के मोहल्ला कानूनगोयान में किसान धर्म सिंह का परिवार रहता है। उनका बेटा प्रमोद कुमार (30) ट्रक चालक था। प्रमोद के परिवार में पत्नी पूजा के अलावा दो बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक होली पर पूजा काशीपुर स्थित अपने मायके गई हुई थी। लिहाजा शुक्रवार की दोपहर प्रमोद कुमार पूजा को बुलाने बाइक से काशीपुर जा रहा था। उसने हेलमेट भी लगा रखा था। जैसे ही उसकी बाइक डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे स्थित जिवाई पुलिस चौकी के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रही सोहराब डिपो की ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रमोद कुमार की मौके पर मौत हो गई। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। तभी आरोपी चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया।