अमरोहा। रेडिमेड गारमेंट्स और परचून के व्यापार की आड़ में पिता-पुत्र चंदन की लकड़ी तस्करी का धंधा करते थे। ऐसे सामान के बीच पैक करके चंदन की लकड़ी लाई जाती थी। दिल्ली क्राइम ब्रांच पुलिस के साथ जिले की पुलिस ने रविवार को छापे के बाद बरामद की चंदन की लकड़ी का वजन 133 क्विंटल और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत सवा अरब बताई है। मौके से पकड़े पांच लोगों में से तीन को तस्कर मानते हुए जेल भेज दिया। दो को सामान ढोने के लिए रिक्शेवाला बताते हुए गवाह बनाया गया है। जेल भेजे गए तीन युवकों से पूछताछ के बाद बताया है कि दिल्ली में मेडिकल स्टोर का संचालन करने वाला शख्स और उसका बेटा अमरोहा का मूल निवासी है। अमरोहा में गोदाम में रेडिमेड गारमेंट्स और परचून के सामन को भेजने के दौरान ही चंदन की लकड़ी की ढुलाई कराई जाती थी।
रविवार की शाम दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के एसआई लक्ष्मण सिंह अपनी टीम के साथ दिल्ली से पकड़े इसरार शेख को लेकर शाकिर उर्फ बंटी की गिरफ्तारी के लिए अमरोहा पहुंचे थे। इसके बाद अमरोहा नगर पुलिस और दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने कई ठिकानों पर छापा मारा। बाद में नगर के मोहल्ला हाशमी नगर पहुंची, जहां अनवारी हवेली के बाहर कार खड़ी मिली। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर कार की डिकी से 50 किलो सफेद चंदन की लकड़ी बरामदगी की। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वह शाकिर उर्फ बंटी और उसके पिता कमर अहमद के साथ मिलकर चंदन की लकड़ी की तस्करी करते हैं। कमर अहमद दिल्ली में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। मूल निवासी अमरोहा हैं लेकिन रहते दिल्ली में हैं।
उसी समय थर्माकोल के कार्टन लेकर पहुंचे दो रिक्शा चालक संजय सैनी और हजीम को भी हिरासत में ले लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शाकिर उर्फ बंटी के गोदाम पर छापा मारकर एक तस्कर मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गोदाम में सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 12 घंटे चली छानबीन के दौरान मौके पर 133 क्विंटल लाल और सफेद चंदन की लकड़ी बरामद हुई। 255 बोरों में खैर और चंदन की लकड़ी का बुरादा मिला। इसका वजन 11 क्विंटल से अधिक है। यह भी प
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पिता-पुत्र (कमर अहमद और शाकिर उर्फ बंटी) रेडिमेड कपड़ों और परचून की आड़ में तस्करी के लिए चंदन की लकड़ी की ढुलाई करते थे। एसएसआई सुरेश चंद्र गौतम की तहरीर पर मोहल्ला लकड़ा निवासी अरशद अली अंसारी, मोहल्ला चौक निकट छोटी मस्जिद निवासी महमूद आलम अंसारी, मोहल्ला दरबारे कलां निवासी मोहम्मद सलमान, मोहल्ला नौगजा निवासी मोहम्मद शाकिर उर्फ बंटी और कमर अहमद अंसारी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने अरशद अली अंसारी, महमूद आलम अंसारी और मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इन्हें गिरोह की श्रेणी में रखते हुए मुख्य आरोपी कमर अहमद अंसारी और शाकिर उर्फ बंटी की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दी जा रही है।
--------------------------
ईको स्पोर्ट्स कार भी बरामद
अमरोहा। छापे व तलाशी की कार्रवाई के दौरान मौके पर एक क्विंटल 20 किलो सफेद चंदन की लकड़ी, 132 क्विंटल लाल चंदन की लकड़ी, 255 बोरों में खैर और चंदन की लकड़ी का बुरादा, एक ईको स्पोर्ट्स कार बरामद हुई है।
--------------------------
इस टीम ने की कार्रवाई
अमरोहा। अमरोहा नगर में चल रहे चंदन की लकड़ी तस्करों के खुलासे में इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह, दिल्ली क्राइंम ब्रांच के एसआई लक्ष्मण सिंह, एसएसआई अमरोहा सुरेश चंद्र गौतम, एसआई सुक्रमपाल सिंह राणा, रामनेश सिंह, कांस्टेबल सतेंद्र शामिल रहे।
--