अमरोहा। नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव अलीपुरा कलां के ग्रामीण एकत्र होकर एसपी आदित्य लांग्हे से मिले और रोहित की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इसके बाद एसपी को प्रार्थना पत्र देकर हत्या का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
मामला नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव अलीपुर कलां का है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 12 मई को गांव अलीपुर कलां के पास गंग नहर में गांव के ही युवक रोहित चौधरी का शव मिला था। वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। रोहित 7 मई को गांव के ही साथी अरुण के साथ बाइक पर सवार होकर नोएडा गया था। अरुण तो वापस आ गया था, लेकिन रोहित उस दिन घर नहीं लौटा था। 8 मई को रोहित वापस लौट आया था। परंतु वह घर नही गया था। उसके बाद लापता हो गया था। परिजनों को उसका बैग व बाइक नहर के किनारे मिले थे। 12 मई को शव नहर में बरामद हो गया था। पोस्टमार्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। बृहस्पतिवार को परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रेम प्रसंग के चलते युवती के परिजनों द्वारा रोहित की हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मृतक के पिता महिराम सिंह ने हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रोहित का प्रेम प्रसंग पास के एक गांव की रहने वाली एक युवती से चल रहा था। वह नोएडा में नोकरी करती है। रोहित व युवती शादी करना चाहते थे। युवती के परिजन कई बार रोहित को हत्या की धमकी दे चुके थे। आरोप लगाया कि युवती के परिजनों ने रोहित की हत्या कर शव को नहर में फेंका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्या का जल्द खुलासा करने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालो में महिराम, नंहे, सीताराम, जितेंद्र सिंह, अमित, दीप सिंह, बिजेंद्र सिंह, खेम सिंह, शेर सिंह, शीशपाल, अमरपाल, राजेश, राजवती, शीला, शोभी, मनीषा, चंद्रो, मीना, कविता, रिनू, अतुल आदि मौजूद रहे।