हसनपुर/बुरावली(अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगवार में एक घर में कमेला चलता मिला। शुक्रवार को पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में घर से करीब 81 गोवंशीय पशुओं की खालें व पैरों के खुर समेत गंड़ासा, बंदूक, तमंचा, रस्से बरामद किए गए। घर में कमेला चलने की बात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। योगी राज के एजेंडे पर जिले में हलचल जारी है। शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव गंगवार में एक घर को कमेला बना रखा है। वहां गोवंशीय पशुओं समेत अन्य पशुओं का कटान भी होता है।
सूचना मिलते ही कोतवाली निरीक्षक अनिल समानिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां सनाउल्ला के घर में छापामार कार्रवाई की गई, तो घर में कई गोवंश पशुओं की खाल, पैरों के खुर व अन्य कई अवशेष बरामद हुए। साथ ही पशुओं का वध करने में प्रयुक्त होने वाले हथियार भी मिले।
सूचना मिलते ही सीओ अभिनाश कुमार गौतम भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली निरीक्षक अनिल समानिया ने बताया कि गांव गंगवार निवासी सनाउल्लाह के घर से करीब 81 गोवंशीय पशुओं की खाल, पैरों के खुर व अन्य अवशेष बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा एक बंदूक, एक तमंचा, कई कारतूस, गंड़ासे, रस्से भी बरामद किए गए हैं। मौके से सनाउल्लाह को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।