फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी में परोसने के लिए कटवाया प्रतिबंधित पशु, 17 लोगों पर रिपोर्ट, दुल्हन के पिता समेत सात गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
गजरौला (अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद में बेटी की शादी में बारातियों को परोसने के लिए प्रतिबंधित पशु को कटवाने की सूचना पर सीओ सत्येंद्र कुमार फोर्स लेकर पहुंचे। पुलिस ने एक स्थान पर ताजी मिट्टी देख वहां खुदाई कराई तो लहूलुहान मृत लवारा दबा मिला। बाद में पुलिस ने एक घर में बर्तनों में रखा लगभग दो क्विंटल मांस बरामद कर लिया। पशु चिकित्साधिकारी गजरौला एवं ककराला की दो सदस्यीय टीम ने मांस का नमूना लेकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला मथुरा भिजवा दिया। वहीं, पुलिस दुल्हन के पिता समेत सात लोगों को पकड़कर थाने ले आई। इनका गोवध अधिनियम की धाराओं में चालान किया जाएगा। इस मामले में कुल 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मची हुई है।
विज्ञापन

शुक्रवार को सीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सुबह के समय उन्हें सूचना मिली की गांव मोहम्मदाबाद में मोमीन ठेकेदार की पुत्री की बारात उझारी से आने वाली है। बारातियों के लिए मोमीन ने दुधारू पशु को कटवाया है और इसका ठेका गांव में ही एक शख्स को दिया है। इस पर वह इंस्पेक्टर जयवीर सिंह आदि के साथ मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक घर में कई बड़े बर्तनों में रखा प्रतिबंधित मीट भी बरामद हो गया। इसके अलावा एक स्थान पर ताजी मिट्टी देख वहां खुदाई कराई तो मृतावस्था में लवारा दबा मिला। पुलिस वहां से मोमीन ठेकेदार समेत सात लोगों को पकड़ लिया और थाने ले आई। इससे पूर्व पशु चिकित्साधिकारी डा. ओमवीर सिंह एवं पशु चिकित्साधिकारी ककराला डा. मुश्ताक अहमद ने बरामद मांस का परीक्षण कर नमूना भी लिया। एसएसआई प्रमोद कुमार पाठक ने बताया कि इस मामले में मोमीन ठेकेदार, आरिफ, दोस्त मोहम्मद, रईस, मोमीन, यामीन नाजिम, तैमूर, फरियाद, जाहिद, शकील, वकील, राशिद, शादाब एवं फुरकान समेत कुल 17 लोगों के खिलाफ गोवध अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें मोमीन ठेकेदार, आरिफ, दोस्त मोहम्मद, रईस, मोमीन, नाजिम और तैमूर को गिरफ्तार कर लिया गया।
धरी रह गईं निकाह की तैयारियां, नहीं आई बारात
गजरौला। थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद में रहने वाले ठेकेदार मोमीन ने अपनी बेटी के निकाह के लिए खूब तैयारियां की थीं लेकिन उनकी एक गलती ने न केवल उन्हें मुसीबत में डाल दिया बल्कि उनकी बेटी का निकाह भी तय समय पर नहीं हो सका। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि निकाह की सारी तैयारियां धरी की धरी रह जाएंगी। बताते हैं कि मोमीन ने बारातियों के खाने के लिए ही गांव में दुधारू पशु कटवाया था। गाय के साथ एक लवारा भी था। वहीं इंस्पेक्टर जयवीर सिंह का कहना है कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, मोहम्मदाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई की खबर मिलते ही दूल्हे पक्ष ने बारात लाने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन

दूल्हे और उसके पिता को भी बुलाया थाने में
गजरौला। गांव मोहम्मदाबाद में पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मची हुई है। कई लोग भूमिगत हो गए हैं। वहीं पुलिस ने उझारी में रहने वाले दूल्हे और उसके पिता को भी पूछताछ के लिए थाने में बुला लिया। इनके नाम भी नामजद 17 लोगों में शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मोमीन ठेकेदार के परिवार की महिलाएं, बच्चे और रिश्तेदारों के साथ ही कुछ देर पूर्व तक वहां मौजूद गांव के लोग भी नदारद हो गए और इधर-उधर छिप गए। पुलिस द्वारा मौके से ही पशु की खाल, मृत पशु और लगभग दो क्विंटल प्रतिबंधित मांस बरामद करने के बाद वहां खलबली मच गई थी। वहीं पुलिस देर किए बिना मोमीन ठेकेदार समेत सात लोगों को मौके से ही पकड़ लाई थी। उधर, चर्चा है कि पुलिस ने इस संबंध में उझारी में रहने वाले दूल्हे शादान और उसके पिता फुरकान को भी पूछताछ के बहाने थाने बुला लिया। इनके नाम भी 17 आरोपियों में शामिल हैं। सीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित पशु की हत्या एक जघन्य अपराध है। इसमें और लोगों के नाम प्रकाश में आने के बाद उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें