सैदनगली (अमरोहा)। कस्बे में बुधवार को पतंग पकड़ते समय दो मंजिला छत से गिरकर छह वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सैदनगली कस्बे में मोनू अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। बुधवार को उनका छह वर्षीय बेटा मकान की छत पर पतंग पकड़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण वह सीधे नीचे जा गिरा। दो मंजिला मकान से गिरने पर मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन और आसपास के लोग उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। मासूम की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई।