हसनपुर/डिडौली (अमरोहा)। जिले के लोगों के लिए अब बुखार खतरनाक रूप ले रहा है। डिडौली के गांव फत्तेपुर जिवाई निवासी व रामपुर में एडीजे कोर्ट में तैनात बाबू चिंटू भारती की बुखार से मौत हो गई। इसके अलावा गांव अमरोहा के गांव हादीपुरा में किसान, रजबपुर क्षेत्र में युवती की जान चली गई। वहीं हसनपुर क्षेत्र में बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सोमवार को भी बुखार से जिले भर में सात मौत हुई थीं। बुखार के प्रकोप के बीच लोग सहमे हुए हैं।
डिडौली क्षेत्र के गांव फत्तेपुर जिवाई में इंद्रपाल सिंह का परिवार रहता है। इंद्रपाल सिंह पेशे से प्राइवेट अध्यापक हैं। उनका दूसरे नंबर के बेटे चिंटू भारती (25) रामपुर में एडीजे कोर्ट में बाबू थे। तीन माह पूर्व ही उनकी वहां तैनाती हुई थी। वह पिछले 5 दिन से बुखार से पीड़ित थे। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां सोमवार रात उनकी मौत हो गई। चिंटू की अभी शादी नहीं हुई थी। वहीं, अमरोहा के गांव हादीपुर कलां निवासी तारा सिंह (24) पुत्र उमराव को तीन दिन से बुखार आ रहा था। रविवार रात अचानक तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे अमरोहा के अस्पताल में ले जाने लगे। रास्ते में ले जाते समय उसकी मौत हो गई। रजबपुर के गांव सुदनपुर निवासी कविंद्र की पुत्री प्राची (20) दो दिन से बुखार आ रहा था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अमरोहा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। वह कोराला के एक कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
जबकि, हसनपुर क्षेत्र के गांव बनाफल की मढै़या निवासी नौबहार (58) की मंगलवार को मौत हो गई। उन्हें शुक्रवार से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पहले हसनपुर के निजी चिकित्सक से उपचार करावा। लेकिन फायदा नहीं हुआ। मृतक ने अपने पीछे चार बच्चे छोड़े हैं। गांव ढक्का में तंजीम की छह वर्षीय बेटी अर्सी को पांच दिन से बुखार आ रहा था। पास के ही निजी चिकित्सक से उपचार करवाया। लेकिन फायदा नहीं हुआ। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। गांव ढबारसी निवासी बुजुर्ग रामेश्वर (70) को सात दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पास के ही निजी चिकित्सक से उपचार करवाया। लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इलाज के दौरान घर पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई।
डेंगू के 13 मरीज मिले
अमरोहा। डेंगू का डंक भी लोगों पर वार करता जा रहा है। हर दिन डेंगू के मरीज बढ़ी संख्या में मिल रहे है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि मंगलवार को जिला अस्पताल में डेंगू आशंकित 40 मरीज पहुंचे। सभी का रेपिड टेस्ट कराया। जिसमें 13 मरीज पॉजिटिव मिले। इसके अलावा जिला अस्पताल के सभी वार्डों में बुखार के 102 मरीज भर्ती रहे। वहीं, 1540 लोगों की ओपीडी हुई।