अमरोहा। परिवहन निगम ने रक्षाबंधन पर बहनों को बेहतर यातायात की सुविधा मुहैया कराने का दावा किया है। बहनें बहनें निगम की सभी बसों में 18 अगस्त की रात्रि 12 बजे से 19 अगस्त को रात्रि 12 बजे तक नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। साथ ही डिपो से दिल्ली और मुरादाबाद के अलावा नूरपुर, नजीबाबाद होते हुए अतिरिक्त बसें हरिद्वार को जाएंगी। साथ ही स्थानीय मार्गों पर बसों के चक्कर बढ़ाए गए हैं।
बसों का संचालन बनाए रखने के लिए चालक-परिचालकों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। इस दिन सफर करने वाली बहनों को बस परिचालकों की ओर से शून्य मूल्य का टिकट भी दिया जाएगा। भाई बहन के पवित्र प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन 19 अगस्त को मनाया जाएगा। बहनें भाइयों के घर पहुंचकर राखी बांधेंगी। तो कहीं भाई बहनों के घर पहुंचकर राखी बंधवाएंगे।
परिवहन निगम का दावा है कि बहनों और भाइयों को बसों की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। एआरएम मोहम्मद शफी ने बताया कि परिवहन निगम ने रक्षाबंधन के मद्देनजर 17 अगस्त से 20 अगस्त तक अतिरिक्त बसों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही अमरोहा डिपो में 77 बसें हैं, जो रक्षाबंधन के त्योहार के चलते ऑन रोड रहेंगी। महिलाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी चालक व परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं।