झकड़ी अड्डे के पास लोहे और सरिया के गोदाम पर जीएसटी की एसआईबी टीम ने सोमवार देर शाम छापेमार कार्रवाई की। टीम ने माल खरीदने और बेचने से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा। लेकिन, कुछ जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। बिल बुक से लेकर स्टॉक तक की पड़ताल की गई। इसमें भी कई खामियां मिली। इस पर गोदाम के अंदर लोहे का सामान सील कर दिया गया।
मुरादाबाद की जीएसटी कार्यालय की एसआईबी टीम के सहायक आयुक्त अखिलेश कुमार सोमवार शाम टीम के साथ हसनपुर में बाईपास मार्ग पर चकौरी अड्डे के पास स्थित गौरव ट्रेडर्स के नाम से एक लोहे के गोदाम पर पहुंचे। जहां पर स्टॉक चेक किया गया। जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा गया। इसमें से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज नहीं दिखाए जा सके। सहायक आयुक्त ने बताया कि जीएसटी मुख्यालय लखनऊ में की गई शिकायत के आधार पर चेकिंग की गई।
इस दौरान पता चला है कि जिन फर्मों से माल खरीदकर गोदाम में लाया गया है, उनका रिकार्ड ठीक नहीं है। चेकिंग के दौरान गोदाम स्वामी बिल बुक नहीं दिखा सके। इसकी वजह से दुकान में रखा सरिया, लोहे के पाइप और लोहे से बने अन्य सामान को सील कर दिया गया है। उनकी बिक्री पर रोक लगा दी गई है। सहायक आयुक्त ने बताया कि चेकिंग के दौरान की गई कार्रवाई की रिपोर्ट बनाकर जीएसटी मुख्यालय लखनऊ भेजी जा रही है। जीएसटी चोरी की बात सामने आई है।