अमरोहा। राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल में तृतीय जिला योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बेसिक, यूपी बोर्ड एवं सीबीएसई से संबद्धता प्राप्त स्कूलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक, लयबद्ध, कलात्मक योगासन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमें कन्या गुरुकुल विद्यालय चोटीपुरा की छात्राओं ने उम्दा प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को आयोजित हुई प्रतियोगिता में राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल अमरोहा, नोबल पब्लिक स्कूल गजरौला, द आर्यंस जोया, डीपीएस अमरोहा, एकेके इंटर कालेज अमरोहा, राणा सिंह मेमोरियल इंटर काॅलेज खंडसाल, सीएसएस एकेडमी बछरायूं , गुरुकुल कन्या विद्यालय चोटीपुरा, घनश्याम दास टंडन सरस्वती विद्या मंदिर कैलसा, श्री गांधी विद्यालय धनौरा के योगासन प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की गई। जिसमें लयबद्ध, कलात्मक एवं पारंपरिक योगासन में छात्र-छात्राओं ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
जूनियर पारंपरिक गर्ल्स में कन्या गुरुकुल चोटीपुरा की छात्राओं ने तीनों स्थानों पर अपना कब्जा जमाया। जिसमें आर्यशा शर्मा प्रथम, आकांक्षा दूसरे, वेदिका तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कों में नोबल स्कूल के पारस सिंह पहले, राधा कृष्ण स्कूल के सार्थक पवार दूसरे एवं स्वास्तिक विश्नोई तीसरे स्थान पर रहे।
सीनियर पारंपरिक गर्ल्स में कन्या गुरुकुल की आर्यांशी प्रथम, सारिका चौधरी दूसरे एवं निशा पवार तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कों में डीपीएम अमरोहा के आर्यन प्रथम, द आर्यंस जोया मोहम्मद अदयान दूसरे एवं राधा कृष्ण स्कूल के तरनजीत सिंह तीसरे स्थान पर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल के संरक्षक अजय टंडन, अंजली टंडन, अदिती टंडन एवं प्रधानाचार्या डा. शिक्षा सरदाना द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख द्वीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगेन्द्र सिंह अध्यक्ष, नौबहार सिंह, कोमल सिंह, पुरुजीत सिंह, दीक्षा कौशिक, पूनम शर्मा, सचिन चौधरी आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।