अमरोहा। आज के दौर में हर क्षेत्र में महिलाएं कदम बढ़ा रही हैं। चुनौतियों को पार करके महिलाएं व बेटियां हर मोर्चे पर खुद को साबित कर रही हैं। राजनीति, शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं के अलावा खेलों में भी इन्होंने ने बेहतर प्रदर्शन कर अपने जिले और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। विदेशी धरती पर भी अलग-अलग खेलों में यहां की शक्ति स्वरूपाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर देश को गाैरवान्वित किया है। संवाद
अमेरिका में लहराया जीत का परचम
श्रीमद दयानंद कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की छात्राओं ने योग के साथ-साथ कई विधाओं में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसी साल जून 2025 में यहां की छात्रा रही अंशु चौधरी ने वर्ल्ड पुलिस व फायर गेम्स में एक गोल्ड तथा दो सिल्वर मेडल जीतकर अपने गुरुकुल व जिले के अलावा देश का मान बढ़ाया। इस प्रतियोगिता का आयोजन अमेरिका के अलबामा में हुआ था। जहां कई देशों के खिलाड़ियों को अंशु ने पीछे छोड़ते हुए पदक अपने नाम किए।
तीन गोल्ड जीतकर इशिता ने रचा था इतिहास
अमरोहा के काफूरपुर निवासी व श्रीमद दयानंद कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की छात्रा रही इशिता कनाडा के विनीपेग में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में तीरंदाजी के रिकर्व इवेंट्स इतिहास रच चुकी हैं। इशिता वर्तमान में सीआरपीएफ में तैनात हैं। इशिता का मानना है कि महिलाएं आज के समय में किसी से पीछे नहीं हैं। हर क्षेत्र में महिलाएं खुद को साबित कर रही हैं।
ट्रैप शूटिंग में पाया गोल्ड मेडल
गुरुकुल की ही छात्रा किरण 65वीं नेशनल शॉटगन चैंपियनशिप में ट्रैप शूटिंग का व्यक्तिगत स्वर्ण पदक व मिश्र युगल का कांस्य पदक हासिल कर चुकी हैं। मध्य-पूर्व यूरोप के छोटे से देश साइप्रस में आयोजित शॉटगन वर्ल्ड कप 2023 में गुरुकुल की छात्रा किरण आर्या ने व्यक्तिगत खिलाड़ी के रूप में प्रतिभागिता की। जहां वर्ल्ड रैंकिंग के लिए प्रथम बार खेलते हुए किरण ने 19वां स्थान हासिल किया था।
नीदरलैंड में योग के गुर सिखा चुकीं इंदु
कन्या गुरुकुल चोटीपुरा की ही छात्रा इंदु मथुरिया यूरोपीय देश नीदरलैंड में अंतरराष्ट्रीय योगासन कोच के रूप में योग के गुर सिखा चुकी हैं। योगासन भारत द्वारा साई एनएसएनआईएस द्वितीय नेशनल योग आसन कोचिज प्रोग्राम 2024’ का आयोजन वर्ल्ड योगासन के नेतृत्व में हुआ था। उन्होंने इस कोर्स में ए प्लस रैंक के साथ टॉप 4 कोचों में स्थान प्राप्त कर गुरुकुल चोटीपुरा की छात्रा इंदु नीदरलैंड में एंबेसडर ऑफ योगासन भारत के रूप में योगासन भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
एशियन योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में आर्यांशी ने जीते मेडल
दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में आयोजित द्वितीय एशियन योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में दो अलग-अलग इवेंट्स में आर्यांशी ने स्वर्ण पदक जीतकर गुरुकुल के साथ देश का मान बढ़ाया था। दिल्ली में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में 21 देशों के 170 एथलीट्स ने प्रतिभाग किया। भारत ने 83 स्वर्ण पदकों के साथ एशियन चैंपियनशिप जीती। जिसमें आर्यांशी ने भी दो गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया था।