अमरोहा नगर के मोहल्ला जट बाजार में करंट लगने से परचून के दुकानदार और वेल्डिंग मिस्त्री की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। परिजनों ने कानूनी कार्यवाही करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद परिजनों ने दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है।
ये घटना अमरोहा नगर के मोहल्ला जट बाजार चौकी के सामने की है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छंगा दरवाजा में यादराम सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे नवीन जट बाजार में किराना की दुकान चलाते थे। उनकी दुकान में रखी लोहा की रैक खराब हो गई थी। लिहाजा उन्होंने मोहल्ले में ही रहने वाले वेल्डर इम्तियाज अली को बुलाया था। बुधवार की रात इम्तियाज लोहे पर बिल्डिंग कर रहा था। तभी अचानक इम्तियाज (35) को करंट लग गया। इस दौरान नवीन (25) ने जल्दबाजी करते हुए बचाने के उद्देश्य से इम्तियाज को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की करंट लगने से मौके पर मौत हो गई।
घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह विद्युत सप्लाई बंद कर दोनों को बाहर निकाला। आनन फानन दोनों को चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। लेकिन परिजनों ने कानूनी कार्यवाही करने से इनकार कर दिया। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। परचून दुकानदार और वेल्डिंग मिस्त्री की मौत के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।