थाना क्षेत्र के गांव मिलक मोतीखेड़ा में शुक्रवार को एक किसान की गोली मार कर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि हत्या के पीछे एक लाख रुपये का विवाद था। जिसका तगादा ग्रामीण किया करता था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। मृतक के भाई की ओर से तीन के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है। सूचना मिलने पर एएसपी व सीओ ने मौका मुआयना किया।
थाना बछरायूं के गांव बाखरपुर निवासी काविंद्र पुत्र बल्लू सिंह (45) शुक्रवार की दोपहर पड़ोस के गांव भटोला शुमाली स्थित अपने खेत पर सिंचाई कर रहा था। शाम लगभग पांच बजे अचानक फायर की आवाज सुनाई दी। आसपास के खेतों में काम करने वाले लोग मौके पर पहुंचे तो देखा काविंद्र लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। उसके कान के पास गोली का घाव था। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी।
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने काविंद्र को सरकारी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक व पुलिस क्षेत्राधिकारी ने अस्पताल पहुंच कर परिजनों से जानकारी की। मृतक के भाई की ओर से दो के खिलाफ नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है।