अमरोहा। अंजुमन तहफ्फुज-ए-अजादारी ने ईरान के कमांडर कासिम सुलेमानी और अबु मेंहदी की शहादत को याद किया। युवाओं ने अमेरिका और इसराइल के खिलाफ नारेबाजी की। मोमबत्ती जला कर खिराजे अकीदत पेश की गई। पीएम नरेंद्र मोदी को पत्रक भेजा जिसमें ईरान की मदद करने और अमेरिका से रिश्ते को खत्म करने की अपील की है।
मोहल्ला काली पकड़ी स्थित अजाखाना नूरन में अंजुमन के पदाधिकारी और शिया समुदाय के सैकड़ों लोग एकत्र हुए। ईरानी जरनल कासिम सुलेमानी की शहादत में मजलिस हुई। सोजख़्वानी हसन इमाम और हमनवां ने की। मौलाना जिनान असगर मौलाई ने कहा कि ईरान पर हमले से साबित हो गया है कि अमेरिका आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों में सबसे आगे है। अमेरिका को इसकी सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनरल कासिम ने आईएसआईएस के खात्मे में अहम किरदार निभाया जो पूरी दुनिया जानती है। शहीद हमेशा जिंदा रहते हैं, हमने जीना और मरना करबला से सीखा है। यही वजह हैं के पूरी दुनिया में आज कासिम सुलेमानी की शहादत पर गम हैं। सचाई है कि हमेशा हक और ईमान की जीत होती है। इसी में हैं हक और ईमान की हमेशा जीत होती हैं। ईरान के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चला। उन्होंने कहा कि इंसानियत पर इस बहादुर सिपाही का एहसान है, शहादत एक दिन जरूर रंग लाएगी।
अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध जैसे हालात पर चिंता जताई
अमरोहा। माइनॉर्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक फाउंडेशन की एक बैठक शुक्रवार को ग्राम मंगूपुरा कार्यालय पर हुई। बैठक में क्रिसमस मिलन पर चर्चा की गई। सोनू कौलिंस ने क्रिसमस के पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने पर सभी को बधाई दी। उन्होंने विश्व में दो देशों में हो रही युद्ध जैसी घटना पर चिंता जताई। कहा कि ऐसी घटनाएं दुखद होती हैं। बैठक में विश्व में शांति कायम करने के लिए प्रार्थना की। इस दौरान संजय कौलिंस, रोबिन मसीही, हेराल्ड धारीवाल, सुरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, ग्लैडविन डिसूजा, डेनियल आदि रहे। संवाद