युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वाधान में जिला स्तरीय एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम युवा उत्सव का आयोजन विकासखंड जोया के सभाकक्ष में किया गया। जिसमें जनपद की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं, युवक महिला मंगल दलों के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी प्रदीप कुमार यादव और खंड विकास अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान एकल शास्त्रीय संगीत में सृष्टि प्रथम और ऐश्वर्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रहरा की छात्रा शीतल ने प्रथम स्थान पाया। सामूहिक नृत्य में योग वंदना नामक नृत्य में एएसएम कॉलेज खाता जोया की टीम ने बाजी मारी। तबला वादन में इबोन दयाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गिटार वादन में अदीबा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
हारमोनियम वादन में अक्षत ने व एकल देशभक्ति गायन में जिया सैफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नाटक प्रतियोगिता में लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी ने पहला स्थान पाया। लोकगीत में गफारी मेमोरियल स्कूल हसनपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में एडीएम भगवान शरण, ब्लॉक प्रमुख जुल्फिकार अली ने विजेता टीम और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला युवा कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह ने किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 23 अगस्त 2022 को मुरादाबाद में आयोजित होने वाले मंडल स्तरीय एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।