आदमपुर थाना क्षेत्र में चोरों के आतंक से लोग परेशान हैं। एक ही रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया है। चोर 70 हजार रुपये व करीब पांच लाख का माल चोरी कर ले गए। सूचना पुलिस घटना की जांच कर रही है। लोगों ने जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।
घटना थाना क्षेत्र के चंदनकोटा गांव की है। सोमवार रात गांव निवासी सत्तार के परिजन घर में सोए थे। इसी बीच चोरों ने घर को निशाना बनाया। घर के पीछे की तरफ से नकब लगाकर चोर अंदर दाखिल हुए। नकदी व सामान चोरी कर ले गए। परिजनों ने बताया कि संदूक में रखे 40 हजार रुपये व सत्तार की दो पुत्र वधुओं के जेवर चोर ले गए हैं। वहीं गांव के मुकलेश पत्नी करन सिंह के घर में नकब लगाकर चोरों ने वारदात की। यहां से चोर जेवर व कपड़ों से भरी संदूक उठाकर ले गए। संदूक में करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर व 20 हजार रुपये कीमत के कपड़े थे। मंगलवार सुबह संदूक पास के खेत में पड़ा मिला। इसके अलावा चोरों ने पिंटू पुत्र नरेश के घर को निशाना बनाया। यहां से चोर 30 हजार रुपये व एक लाख के जेवर ले गए हैं। इसके अलावा चोरों ने ऋषिपाल पुत्र भोलू के घर में नकब लगाया। चोरों के अंदर प्रवेश करते ही आहट पाकर परिजन जग गए। चोर बिना चोरी किए घर से निकल गए। चोरों ने लल्लू जाटव व प्रमोद कुमार के घरों में नकब लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ितों से घटना के बारे में जानकारी ली। थानाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा ने बताया चोरी की घटना की जांच की जा रही है।