अमरोहा। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए जिले में सात मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां 23 अक्तूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने बूथों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मतदान पार्टियों की रवानगी 22 अक्तूबर को सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट परिसर से होगी। बूथों की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम, नौगावां सादात नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को सौंपी गई है।
मतदेय स्थल संख्या 92 कार्यालय क्षेत्र पंचायत अमरोहा, 93 नगर पंचायत नौगावां सादात सभागार, 94 कार्यालय क्षेत्र पंचायत जोया, 95 हसनपुर, 96 गंगेश्वरी, 97 धनौरा और 98 गजरौला में बनाए गए हैं। इन भवनों और परिसरों का 22 अक्तूबर से मतदान समाप्ति तक अधिग्रहण रहेगा। अधिकारियों को बूथों पर रैंप, फर्नीचर, शौचालय, पेयजल, बिजली और शेड की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं।