अमरोहा। पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना समिति की सदस्यता लेने और उपज बढ़ोतरी का लाभ पाने के लिए किसानों के पास अब केवल सात दिन शेष रह गए हैं। गन्ना विभाग की ओर से प्रदेश की सभी गन्ना समितियों में सट्टा प्रदर्शन मेलों का आयोजन किया जा रहा है। नई सदस्यता लेने तथा उपज बढ़ोतरी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है।
उप गन्ना आयुक्त मुरादाबाद हरपाल सिंह ने बताया कि सट्टा प्रदर्शन मेलों का उद्देश्य किसानों को उनके गन्ना रकबे, सट्टा और आपूर्ति रिकॉर्ड का अवलोकन कराने के साथ ही संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। जो किसान अभी तक गन्ना समिति के सदस्य नहीं बने हैं, वे 30 सितंबर तक सदस्यता ले सकते हैं। निर्धारित अवधि में सदस्य बनने वाले किसानों को पेराई सत्र 2026-27 में चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति की सुविधा अनुमन्य होगी। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की गन्ने की उपज जिले की औसत उपज से अधिक है, वह उपज बढ़ोतरी के लिए 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद उपज बढ़ोतरी का लाभ नहीं दिया जाएगा।