गजरौला (अमरोहा)। शादी से एक सप्ताह पहले एक गांव निवासी युवती ने नाबालिग प्रेमी के साथ फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार की सुबह दोनों के शव प्रेमी के घर पशुशाला में लटके मिले। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना दोनों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मामला थाना क्षेत्र के गंगा और रामगंगा पोषक नहर के बीच टापू में बसे एक गांव का है। गांव निवासी एक ग्रामीण ने अपनी बेटी का रिश्ता आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाले युवक के साथ कर दिया। 30 अप्रैल को युवती की बरात आनी थी।
बताया जा रहा है कि युवती का गांव निवासी एक किशोर से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले युवती नाबालिग प्रेमी के साथ चली गई थी, लेकिन परिजनों ने उसे गजरौला रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया था। परिजनों के मना करने के बाद भी युवती लगातार प्रेमी से मिलती थी।
ग्रामीणों का कहना है कि वह प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ी थी, लेकिन दोनों के परिजनों ने साफ इन्कार कर दिया। 30 अप्रैल को युवती की बरात आनी थी। बृहस्पतिवार की रात युवती चुपचाप घर से निकलकर प्रेमी के घर पहुंच गई और पशुशाला में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद प्रेमी भी फंदे से लटक गया।
शुक्रवार की सुबह प्रेमी युगल के शव लटके देख गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने दोनों के शव नीचे उतारकर चुपचाप अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।