मंडी धनौरा। क्षेत्र के गांव चुचैला कलां स्थित प्रेमकुटी आश्रम बालेश्वरधाम महादेव मंदिर में बुधवार की सुबह एक सेवादार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सेवादार का शव मंदिर परिसर में पड़ा मिला है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मोत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ ने बताया कि थाना पुलिस को 112 नंबर से सूचना मिली कि गांव चुचैला कलां के प्रेमकुटी आश्रम बालेश्वरधाम महादेव मंदिर में सेवादार के रूप में काम करने वाले नरेश सैनी (35) का शव पड़ा हुआ है। मामला धार्मिक स्थल से जुड़ा होने की वजह से प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंच गए।
नरेश सैनी चुचैला कलां के रहने वाले थे और बीते कई सालों मंदिर में रह कर सेवा का काम करते थे। रात को वह मंदिर परिसर में ही सोते थे। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों ने सेवादार के बारे में जानकारी की। प्रथमदृष्टया नरेश सैनी की मौत का कारण किसी जहरीले कीड़े के काटने से प्रतीत होता है। सीओ ने बताया कि मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।