अमरोहा। बिजली के बकायेदार बिल में 100 प्रतिशत ब्याज माफी के लिए सब स्टेशन में पहुंचे। हालांकि सर्वर से पंजीयन में अड़चन आ गई। काउंटर पर उपभोक्ता खड़े रहे। दोपहर के बाद सर्वर की स्पीड में सुधार आया। इसके बाद पंजीयन बढ़ सके। वहीं उपभोक्ताओं ने साइबर कैफे और खुद ऑनलाइन कराया। इन्हें 31 मार्च तक बकाया का भुगतान करना है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद बिजली निगम ने घरेलू और नलकूप के उपभोक्ताओं को बिल में ब्याज माफी की योजना शुरू की। इसके तहत 15 मार्च तक पंजीयन कराना था। जिले में घरेलू और नलकूप के 98,005 उपभोक्ता चिह्नित हुए। बकायेदारों को जनवरी तक के बिल पर छूट मिलना है। पंजीयन के दौरान एक तिहाई रकम भी जमा करना है। सोमवार की शाम चार बजे के आंकड़े के अनुसार कुल 40,183 बकायेदारों के पंजीयन हो गए। हालांकि पंजीयन की प्रक्रिया ऑनलाइन भी रही। अधिशासी अभियंता अश्वनी चौधरी ने बताया कि सर्वर में दिक्कत के चलते पंजीयन में अड़चन आई है।