कृषि फार्म हाउस की सुरक्षा के लिए वहां तैनात चौकीदार का शव बृहस्पतिवार को बरसीम के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। घटना की सूचना मिलने पर बाद में रोते बिलखते परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक मृतक के मुंह से भी खून निकल रहा था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के कांकाठेर के पास आजादपुर माफी गांव में गौतमबुद्घ नगर के दादरी निवासी कुंदन का कृषि फार्म हाउस है। जिसमें सैदनगली थाना क्षेत्र के तरारा गांव निवासी 34 वर्षीय तीरथ पुत्र ख्याली राम चौकीदार रुप में बीते दो माह से तैनात था। बृहस्पतिवार को पूर्वाह्नन साढ़े 11 बजे के करीब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, कि फार्म हाउस के चौकीदार तीरथ का शव बरसीम के खेत में पड़ा है। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने बताया कि मृत चौकीदार के पैर में चप्पल था। बाद में पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने तीरथ की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। परिजनों ने आशंका जताई कि तीरथ की हत्या लात घूंसों से पिटाई कर की गई है, इसके चलते उसके मुंह से भी खून आरहा था। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजी। थाना प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि फार्म हाउस के चौकीदार की मौत का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा।
चौकीदार के फुफेरे भाई हरकेश सिंह ने बताया कि तीरथ बुधवार की अपराह्न तीन बजे से गायब था। गुरुवार को उसका शव मिला। शव पूरी तरह से अकड़ गया था। जिससे लग रहा है कि रात में ही उसकी हत्या की गई। मुंह से निकल रहा खून भी हत्या की ओर इशारा कर रहा है। हरकेश ने यह भी बताया कि उसके साथ एक युवक और भी वहां काम करता है। तीरथ के गायब होने के बाबत पूछे जाने पर उस युवक ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया था। परिजनों ने आशंका व्यक्त किया है कि तीरथ की हत्या में कही न कही उसके साथ काम करने वाले का हाथ जरूर है।