अमरोहा। जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत जिले में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का पूरा ब्योरा दर्ज कर सकेंगे। परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 सवालों के आधार पर जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर विवरण का सत्यापन करेंगे।
शुक्रवार को डीएम एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्व-गणना का प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ने जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद भाषा चुनकर मोबाइल नंबर, कैप्चा और ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। फिर परिवार के मुखिया समेत सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा।
फॉर्म जमा करने के बाद मिलने वाली स्व-गणना आईडी सुरक्षित रखनी होगी। जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके। जिले में स्व-गणना के दौरान 14 दिवसीय विशेष जनजागरूकता एवं सहभागिता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर के बीच अपने परिवार की स्व-गणना कर राष्ट्रीय जनगणना अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करें।