मिनी स्टेडियम में चल रहे मास्टर भूरे खान एंड शेरू परवेज मेमोरियल सद्भावना कप ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को पहला क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। इसमें सहगल क्रिकेट क्लब दिल्ली की टीम ने खुर्राट क्रिकेट क्लब गाजियाबाद को चार-चार विकेट हराकर जीत लिया।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और यूथ क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में कराए जा रहे टूर्नामेंट में सोमवार को सहगल क्रिकेट क्लब ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खुर्राट क्रिकेट क्लब गाजियाबाद ने निर्धारित 29.4 ओवर में 269 रन बनाए।
खुर्राट क्रिकेट क्लब गाजियाबाद की ओर से अतुल चंदेला ने 75 और अभिषेक ने 54 रनों का योगदान दिया। सहगल क्रिकेट क्लब की ओर से अंकित डवास ने तीन और जियाउल हक ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहगल क्रिकेट क्लब ने 27.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। सहगल क्रिकेट क्लब की ओर से सुल्तान अंसारी ने 82 और समीर ने 66 रनों का योगदान दिया। खुर्राट क्रिकेट क्लब गाजियाबाद की ओर से दीपक पुनिया ने तीन और मनीष भाटी ने दो विकेट लिए। यह मैच सहगल क्रिकेट क्लब दिल्ली ने चार विकेट से जीत लिया।
शानदार बल्लेबाजी करने के लिए सुल्तान अंसारी को मैन ऑफ द मैच दिया गया। मैच में अंपायर सतेंद्र सिंह, जमाल पाशा रहे, जबकि स्कॉरिंग सैंडी गुप्ता ने की और कमेंटरी शमशाद अल्वी ने की। इस दौरान रिजवान पाशा, इमरान पाशा, नजम अली, परवेज पाशा, अनिल चौहान, मोहर सिंह मौजूद रहे।