जिले में टाइफाइड ने पांव पसार लिया है। अमरोहा के जिला संयुक्त चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर टाइफाइड के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। यहां पहुंचने वाला बुखार का हर दूसरा मरीज टाइफाइड की जद में है।
सरकारी अस्पतालों की लैब की जांच में आधे मरीज टाइफाइड पाजिटिव पाए गए। आंकड़ों की मानें तो बुखार के हर दूसरा मरीज टाइफाइड से पीड़ित है। दोनों अस्पताल में 887 बुखार की पीड़ितों की जांच में 396 मरीज टाइफाइड पाजिटिव पाए गए। जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा है।
जिला अस्पताल से लिए गए आंकड़ों के मुताबिक 21 अप्रैल से 20 मई तक बुखार के कुल 424 मरीजों की जांच की गई। जिसमें 204 मरीजों को टाइफाइड की पुष्टी हुई। जबकि अमरोहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहली से 31 मई तक बुखार के कुल 463 मरीजों की जांच हुई। इसमें 192 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यानी जिला अस्पताल की जांच में लगभग आधे और सीएचसी पर आधे से थोड़े कम मरीजों में टाइफाइड की पुष्टी हुई। टाइफाइड के इन मरीजों में महिलाएं तीस प्रतिशत, बच्चे और किशोर 50 प्रतिशत जबकि 20 प्रतिशत में बुजुर्ग और अन्य लोग शामिल हैं।