जोया (अमरोहा)। शादीशुदा युवक बाहर वाली के चक्कर में फंस कर निकाह करने पहुंच गया। इसकी भनक चलते रही ससुराल वाले वहां आ धमके। ससुरालियों ने जमकर हंगामा किया। निकाह रुकवा दिया। सूचना पर पहुंची 100 डायल पुलिस युवक को चौकी ले आई। वहीं देर शाम तक दोनों में पक्षों में समझौते के लिए पंचायत चलती रही।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक युवक की ससुराल मुरादाबाद जिले में है। युवक के परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं। बताया जाता है कि इस बीच युवक का किसी युवती से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। प्रेम प्रसंग निकाह तक पहुंच गया। यही नहीं युवती ने युवक को निकाह नहीं करने पर जान देने की धमकी तक दे दी। ऐसे में युवक प्रेमिका से दूसरा निकाह करने की तैयारी कर रहा था। सोमवार की रात निकाह होना था। इस दौरान इसकी जानकारी युवक के ससुरालियों को लग गई। ससुराल वाले मौके पर पहुंच गए। जहां हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देेखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच किसी ने 100 डायल को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर चौकी आ गई। जहां स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद युवक को छोड़ दिया गया। मंगलवार सुबह दोनों पक्षों में समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई। देर शाम तक पंचायत में सुलह समझौते की कोशिश चल रही थी।