हसनपुर। क्षेत्र गांव आगापुर उर्फ याकूबपुर की मढैया में आवारा कुत्तों का आतंक है। पिछले दस दिनों में आवारा कुत्तों के द्वारा आठ से अधिक बच्चाें पर हमला किया जा चुका है। ग्राम पंचायत स्तर से आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए टीम बनाई गई है। लेकिन अभी तक कोई कुत्ता नहीं पकड़ा जा सका है। बताते हैं कि पिछले दस दिनों में आवारा कुत्ते कई बच्चों और बड़ों पर हमला कर चुके हैं। मंगलवार को टिंकू के मासूम बेटे कुनाल व अक्षय पर हमलाकर घायल कर दिया था। दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इससे पहले कुत्ते कलुआ, हर्षित, हिमांशी और मदन को भी घायल कर चुके हैं। आवारा कुत्तों को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। अब बच्चे घरों से बाहर अकेले में नहीं निकल रहे हैं। बड़े एवं बुजुर्ग भी डंडा लेकर ही खेतों में जा रहे हैं। ताकि इस तरह की घटनाओं का शिकार होने से बचा जा सके। ग्राम प्रधान यूसुफ अली का कहना है कि आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर टीम गठन किया गया है। टीम द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है। शनिवार को यह टीम द्वारा जंगल में अवारा कुत्तों की खोजबीन की गई, लेकिन कोई कुत्ता पकड़ में नहीं आया है।