एसडीएम चंद्रकांता ने पालिका में गड़बड़ी की शिकायत पर अभिलेख जांचे। उन्होंने एक-एक रजिस्टर को देखा। किस मद में कितना भुगतान हुआ और क्या काम किया गया। कितने कर्मचारी पालिका में काम कर रहे हैं और कितनों का वेतन निकाला जा रहा है। साथ ही ईओ ने कुछ कर्मियों के वेतन निकालने पर रोक क्यों लगाई है इसकी भी जानकारी ली।
एसडीएम बुधवार सुबह दस बजे नगरपालिका कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने अभिलेखों की चेकिंग शुरू की। पालिका के स्वच्छता प्रभारी आदेश अग्रवाल से ईओ कार्यालय में एक-एक रजिस्टर मंगाया। उनमें देखा कि पालिका ने किस वार्ड में कितना काम कराया है। उस पर कितना खर्च हुआ है। सड़क कितनी लंबी बनाई गई। नाला या नाली की लंबाई कितनी है। ठेकेदार को कितना भुगतान किया गया। पालिका के सफाईकर्मियों का बीते माह का वेतन क्यों नहीं दिया गया। जिस कारण उन्होंने कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। एसडीएम ने बताया कि कई बिंदुओं पर चल रही जांच अभी पूरी नहीं हुई है।
बिन काम कराए भुगतान करने की शिकायत
पालिका के सभासदों ने डीएम से शिकायत की थी कि पालिका में इस समय भ्रष्टाचार चरम पर है। बिना काम कराए ही ठेकेदार को भुगतान हो रहा है। भानपुर खालसा वार्ड में कोई काम नहीं कराया, लेकिन वहां पर कागजों में काम दिखाकर ठेकेदार को भुगतान किया गया है। डीएम से जांच कराने की मांग की थी। इसकी भी एसडीएम ने जांच की।
काम नहीं कर रहे आठ कर्मियों का वेतन निकालने का दबाव
ईओ दीपिका शुक्ला ने बताया कि वह पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ काम कर रही हैं। इसलिए सफाईकर्मियों से उनके खिलाफ प्रदर्शन कराया जा रहा है। पालिका में ठेके के आठ सफाईकर्मी कभी काम करने नहीं आते। उनका वेतन रोक दिया गया है। पालिकाध्यक्ष उन पर भुगतान करने का दबाव बना रही हैं। जिसे वह किसी कीमत पर नहीं कर सकतीं। ईओ ने बताया कि उन्होंने पालिका के बाबू ललित कुमार को नोटिस जारी किया है। उसने बोर्ड की बैठक का दो माह बाद भी रजिस्टर तैयार नहीं किया, जबकि दो दिन में पूरा कर देना चाहिए था। इसके अलावा वह खुद कार्यालय की अध्यक्ष हैं। इसलिए कोई कर्मचारी उनकी उपस्थिति नहीं लगा सकता, जबकि बाबू ललित कुमार ने उपस्थिति रजिस्टर में उनकी हाजिरी लगाई है। उनकी हाजिरी नहीं लगाई जाती।
ईओ ने चार महीने से नहीं लगाए टेंडर
पालिकाध्यक्ष राजेंद्री उर्फ उमा देवी ने डीएम से मिलकर ईओ की शिकायत की थी। कहा था कि सक्षम मशीन खरीदी जानी है। खराब मोटर सही कराए जाने सहित कई कार्यों के लिए चार महीने पूर्व टेंडर लगाने को कहा था, लेकिन ईओ ने टेंडर नहीं लगाए। शिकायत की जांच करने एसडीएम आई थीं। जांच में एसडीएम ने पाया कि टेंडर चार महीने से क्यों नहीं लगाए गए। एसडीएम ने जल्द टेंडर लगाने को कहा है। जिससे नगर में विकास कार्य कराए जा सकें।
कोट:
उन पर दबाव बनाने का आरोप बेबुनियाद है। ईओ काम ही नहीं करना चाहती हैं। इसलिए आरोप लगा रही हैं। - राजेंद्री उर्फ उमा देवी, पालिकाध्यक्ष गजरौला