सर्दी और घने कोहरे के बीच बच्चों को स्कूल पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा आठ तक के स्कूलों का छह जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी राजेश त्यागी ने परिषदीय विद्यालयों के साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई समेत सभी बोर्ड के स्कूलों को बंद रखने को कहा है। इस दौरान शिक्षक स्कूल में रहकर विभागीय कार्य करते रहेंगे।
कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार सुस्त चल रही है। सोमवार को नौचंदी एक्सप्रेस निर्धारित समय से साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकी। कोहरे और धुंध का असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है। जिसके कारण ट्रेनें कई घंटे की देरी से पहुंच रहीं हैं।
शुक्रवार को नौचंदी एक्सप्रेस तय समय से साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंची, तो काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से आई। वहीं, सत्याग्रह एक घंटे तो स्पेशल पैसेंजर दो घंटे की देरी से पहुंची। जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र सिंह का कहना है कि कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है।
दिसंबर के आखिरी चार दिनों में मौसम बेहद सर्द और घना कोहरा छाया रहा। ऐसे में धूप के दर्शन भी नहीं हो सके। नए साल 2024 के पहले दिन सोमवार को धूप खिली तो लोगों के चेहरे भी खिल उठे। सुबह 11 बजे के बाद धूप की किरणों के साथ लोग पार्कों और मकानों की छतों पर बैठे नजर आए। वहीं, बच्चे भी धूप के बीच जमकर खेले।