हसनपुर (अमरोहा)। स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही निजी स्कूल की वैन कच्चे रास्ते पर अनियंत्रित होकर सूखे तालाब में पलट गई। हादसे में नौ बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों को बाहर निकाला गया। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
हसनपुर के सुनील कुमार एकेडमी से शनिवार दोपहर करीब दो बजे छुट्टी के बाद ईसापुर सरकी निवासी वैन चालक सुनील कुमार बच्चों को वैन में बैठाकर रोजाना की तरह उनके घर छोड़ने जा रहा था। सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर खुर्द में महमूदपुर बंगर को जाने वाले कच्चे रास्ते पर मार्ग संकरा होने और रास्ते पर पड़ी ताजा मिट्टी खिसकने की स्कूल वैन अनियंत्रित होकर तालाब की तरफ पलट गई। गनीमत रही कि तालाब में पानी नहीं था। काफी समय से तालाब सूखा हुआ पड़ा है।
वैन पलटने पर बच्चों में चीख- पुकार मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से स्कूली बच्चों को वैन से बाहर निकाला। स्कूल का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। हादसे में नूरपुर निवासी कक्षा पांच का छात्र शिवम, कक्षा 3 की छात्रा खनक, कक्षा 2 का छात्र अंश, कक्षा एक का छात्र प्रिंस सैनी, कक्षा चार की छात्रा अवनी, यूकेजी का छात्र आयुष, एलकेजी की छात्रा त्रिषा, यूकेजी के छात्र कुनाल समेत नौ बच्चे मामूली घायल हो गए। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर भेज दिया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई बच्चा गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। दूर दराज के अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल छोड़ने अपने स्तर से वैन लगा रखी है। स्कूल से वैन चालक का कोई लेना देना नहीं है। ईश्वर का आशीर्वाद रहा है कि कोई बच्चा गंभीर घायल नहीं हुआ। गोपाल सक्सेना, स्कूल चेयरमैन।
हादसे में किसी भी बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। यदि चालक की लापरवाही है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अरुण कुमार, सीओ