अमरोहा। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए दोबारा फॉर्म भरे जा रहे हैं लेकिन वेबसाइट की स्पीड स्लो है। इसके चलते फॉर्म भरने में मुश्किल आ रही है। साइबर कैफे संचालक भी परेशान हैं। सॉफ्टवेयर की समस्या को दूर नहीं की गई तो छात्र-छात्राएं फॉर्म भर नहीं पाएंगे। इसके चलते सैकड़ों विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित हो सकते हैं।
प्रदेश सरकार ने कक्षा 11 और 12वीं के अलावा पोस्ट मैट्रिक की अन्य कक्षाओं के लिए एक नवंबर से ऑनलाइन फॉर्म भरने का मौका उपलब्ध कराया है। दरअसल कई ऐसे छात्र-छात्राएं स्कॉलरशिप फॉर्म भरने से वंचित हो गए थे जो पात्रता के दायरे में थे। इसके अलावा डीएलएड 2016-17 बैच के प्रशिक्षुओं का रिजल्ट भी देर से आया है। इसके चलते सरकार ने दोबारा वेबसाइट को खोला। इसके तहत 20 नवंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भरे जाने हैं। समाज कल्याण विभाग ने विद्यार्थी और कॉलेज प्रबंधन को नौ सूत्रीय एडवाइजरी जारी की है। कॉलेज के नोडल अधिकारी से सत्यापन या रिजेक्ट करने के लिए सावधानी बरतने की अपील की गई ताकि स्कॉलरशिप से पात्र विद्यार्थी वंचित न रह जाए। इसके तहत उन्हें स्कूल की कक्षा में छात्रों की निर्धारित उपस्थिति की पड़ताल करनी है। आय प्रमाण पत्र का ऑनलाइन सत्यापन कर सही गलत होने की आख्या हस्ताक्षर से प्रमाणित छाया प्रति को संलग्न करना है। बैंक अकाउंट, आईएफएस कोड का मिलान में सावधानी बरतना है। बैंक अकाउंट संदिग्ध नहीं होना चाहिए। छात्रों के कोर्स फीस का परीक्षण करना जरूरी है। निर्धारित कक्षा के लिए आयु का परीक्षण खुद कर लें कहीं कोई विद्यार्थी अधिक आयु का तो नहीं है। इसके अलावा रिन्यूवल के फॉर्म को प्राथमिकता के आधार पर अग्रसारित किया जाए। सोमवार को वेबसाइट की स्पीड बेहद स्लो रही। इसके चलते फॉर्म भरने का विकल्प खुल नहीं सका। दोपहर तक छात्र-छात्राएं फॉर्म भरने के लिए जूझते रहे। प्रयास के बावजूद वेबसाइट से फॉर्म भरने में कामयाब नहीं हो सके।