अमरोहा। डीएनएस क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले गए फ्रेंडली मुकाबले में सरकड़ी स्ट्राइकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेसिक टीचर अमरोहा को सात विकेट से हरा दिया। मैच में भूपेंद्र की आक्रामक बल्लेबाजी और सचिन की प्रभावी गेंदबाजी जीत की बड़ी वजह बनी। भूपेंद्र को प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बल्लेबाज चुना गया, जबकि सचिन को बेस्ट गेंदबाज का खिताब मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेसिक टीचर अमरोहा की टीम निर्धारित 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 17 ओवर में 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से मोहित ने 19 रन बनाए, जबकि अनिल कुमार ने 18 रन, अतुल चौधरी ने 13 रन, अक्षय कुमार ने 15 रन और अजीत सिंह ने 11 रन का योगदान दिया। हालांकि, कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका, जिसके चलते टीम मजबूत स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। सरकड़ी स्ट्राइकर की ओर से गेंदबाजी में सचिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा मयंक और अर्जुन ने दो-दो विकेट झटके। चिंकू, अक्षय ठाकुर और रितिक ने भी एक-एक विकेट लेकर विपक्षी टीम को जल्दी समेटने में अहम भूमिका निभाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरकड़ी स्ट्राइकर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और महज 12 ओवर में ही तीन विकेट खोकर 171 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की जीत के हीरो भूपेंद्र रहे, जिन्होंने 29 गेंदों में 69 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनके अलावा अभिषेक ने 28 रन, तनुज सक्सेना ने 19 रन, वसीम खान ने 15 रन और रितिक उपाध्याय ने 18 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्ट्राइकर की टीम की ओर से गौतम, अनिल कुमार और मोहित को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वह विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में असफल रहे। इस तरह सरकड़ी स्ट्राइकर ने हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।