एसआर प्रीमियर लीग के तहत रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर बृहस्पतिवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच एसआर किंग्स और सालिम रॉयल के बीच मैच खेला गया। इसमें सालिम रॉयल ने 29 रन से जीत दर्ज की। जबकि, दूसरे मुकाबले में चिश्ती सुपर किंग्स की टीम ने एसआर टाइटंस को 41 रनों से हराया।
स्प्रिंगफील्ड क्रिकेट एकेडमी और रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के पहले मैच में टॉस जीतकर सालिम रॉयल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 25 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। टीम के कप्तान मोहम्मद अरीब ने 49 व अक्षत प्रताप ने 36 रन बनाए। एसआर किंग्स के गेंदबाज अनिकेत ने दो व आजाद सिंह, कृष्णा यादव और रुद्राक्ष ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में खेलने उतरी एसआर किंग्स 20.5 ओवर में 134 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। टीम के कृष्णा यादव ने 49 व शदाब खान ने 23 रन बनाए। सालिम रॉयल के गेंदबाज मोहम्मद अरीब ने तीन व आसिम खान ने दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच मोहम्मद अरीब को चुना गया।
दूसरे मैच में चिश्ती सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 24.3 ओवर में सात विकेट 183 रन बनाए। टीम के कप्तान साहिब पाशा ने 51, वहाब तुर्क ने 37 व मोहम्मद अमान ने 31 रन बनाए। एसआर टाइटंस के गेंदबाज राजा ने दो व मोहम्मद शान, आरिज आलम, ध्रुव और सोहिब ने एक-एक विकेट लिया। जबाव में एसआर टाइटंस 22 ओवर में 142 रनों पर ही सिमट गई। टीम के दिपेश दीक्षित और आरिज आलम ने 28-28 रन बनाएं। चिश्ती सुपर किंग्स के गेंदबाज मोहम्मद हुसैन ने तीन, इजरान ने दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच मोहम्मद हुसैन को चुना गया। अंपायर मोहम्मद सायम, शमशाद अल्वी रहे जबकि स्कोरर मोहम्मद अरीब, अशरफ रजा रहे। मैच के दौरान सिद्धार्थ मलिक, बदरुद्दीन सिद्दीकी, मोहम्मद हसीन, मोहम्मद शाहिद, ओम दत्त शर्मा, तरुण चीमा, रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।