मांग पूरी होने पर सफाईकर्मियों ने सोमवार को हड़ताल समाप्त कर दी है। मंगलवार से वह काम पर लौटेंगे। सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण नगर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए है।
पिछले 15 दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल के चलते नौगांवा सादात में सफाई व्यवस्था ठप हो गई थी। उनकी मांग थी कि सफाई का ठेका किसी स्थानीय फर्म को दिया जाए। उनका कहना था कि बिना स्थानीय ठेकेदार के वह बाहरी फर्म के लिए काम नहीं करेंगे। पहले भी बाहरी फर्म सफाई कर्मियों को ईपीएफ का करीब 19 लाख रुपये का गबन कर चुकी है। अभी तक उसका भुगतान भी उन्हें नहीं मिल पाया है। इसके चलते सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए थे। कई दौर की वार्ता के बाद भी कोई हल नहीं निकल सका था। कस्बे के गली-मोहल्लों में गंदगी के अंबार लग गए थे।
सोमवार को ठेका सफाई कर्मियों की नगर पंचायत ईओ सलिल भारद्वाज से वार्ता हुई। वार्ता में तय हुआ कि सफाईकर्मियों के कार्यों का सुपरविजन नगर पंचायत के सफाई निरीक्षक करेंगे, लेकिन ठेका बाहरी का ही रहेगा। इस पर सफाईकर्मी मान गए और काम पर लौट आए। सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। ईओ ने बताया कि वार्ता के बाद सफाई कर्मियों के बीच सहमति बन गई है।