अमरोहा मिनी स्टेडियम में टीम को ट्रॉफी देते आयोजक। संवाद
अमरोहा। नगर के मिनी स्टेडियम में चल रहे देवेंद्र चंदेल मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी मुरादाबाद ने जीत लिया। इस टीम में रामपुर क्रिकेट एकेडमी को 44 रन से हराकर ट्राफी अपने नाम कर ली। इस दौरान रुक्मणी के कृष्णा यादव प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बॉलर चुने गए। जबकि फैज मोहम्मद को बेस्ट बल्लेबाज का खिताब दिया गया है।
बृहस्पतिवार को रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 26 ओवरों में 117 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस दौरान अपनी टीम के लिए फैज मोहम्मद ने 42 गेंदों में सबसे ज्यादा 36 रनों की पारी खेली। असजद ने 34 गेंदों में 19 रन, मोहम्मद ईशा 10 गेंदों में 11 रन, कृष्ण यादव ने 15 गेंदों में 15 रन बनाए। इसी तरह अब्दुल रहमान ने 16 गेंदों में 12 रनों का योगदान दिया। रामपुर के लिए कुलदीप यादव ने गेंदबाजी करते हुए छह ओवरों में 20 रन देकर तीन विकेट झटके तो आकाश चौहान ने भी छह ओवरों में 14 रन देकर तीन विकट चटकाए। जबकि सुमित सागर ने चार ओवरों में 19 रन देकर दो विकेट चटकाए। वहीं, प्रियांशु कुमार ने तीन ओवरों में 12 रन देकर एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामपुर क्रिकेट एकेडमी की टीम 21 ओवरों में सिर्फ 73 रन पर ही ऑलआउट हो गई। अपने टीम के लिए पीयूष ने सबसे ज्यादा 38 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली। जबकि आकाश चौहान ने 8 गेंदों में 10 रन बनाए तो वहीं कुलदीप यादव ने 13 गेंदों में नाै रनों का योगदान दिया। रुक्मणी के लिए गेंदबाजी करते हुए कृष्णा यादव ने पांच ओवरों में दो रन देकर तीन विकेट चटकाए। कृष्णा यादव की गुगली गेंदबाजी पर बल्लेबाज धराशायी हो गए। जबकि, अब्दुल वहाब ने चार ओवरों में 18 रन देकर दो विकेट चटकाए। वहीं अशरफ रजा ने भी तीन ओवरों में 21 रन देकर दो विकेट लिए। अरीब ने तीन ओवरों में नौ रन देकर एक विकेट लिया है।
इस दौरान टूर्नामेंट विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी लेकर सम्मानित किया गया। मैच में शमशाद अली और सदाकत ने अंपायर की भूमिका निभाई। वहीं, राहुल गुप्ता स्कोरर रहे। इस दौरान आयोजक रोहित चंदेल, परवेज पाशा, रिजवान पाशा, सेंटी गुप्ता, पिंटू और मोहम्मद नूर आदि मौजूद रहे।